नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को गुड़ी पड़वा के अवसर पर महाराष्ट्र और गोवा के लोगों को बधाई दी और कहा कि यह त्योहार विपरीत परिस्थितियों पर सत्य की जीत का प्रतीक है।
दोनों पश्चिमी राज्यों के लोगों को संबोधित पत्र में मोदी ने कहा कि जैसे-जैसे भारत अपनी प्रगति और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे गुड़ी पड़वा का महत्व और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है।
उन्होंने कहा, ‘गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर मैं आपको और आपके परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। नव वर्ष के आरंभ का प्रतीक यह पवित्र त्योहार नई आशाएं और नई शुरुआत लेकर आए।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुड़ी (घरों के प्रवेश द्वार पर फहराया जाने वाला प्रतीकात्मक ध्वज) विजय, समृद्धि और आशावाद का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गुड़ी पड़वा का गहरा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आइए हम नए दृढ़ संकल्प और उद्देश्य की भावना के साथ पूरे वर्ष गुड़ी पड़वा की भावना को आगे बढ़ाएं। यह नया साल सभी के लिए सुख, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए।”
भाषा तान्या वैभव
वैभव
वैभव
वैभव