वित्त मंत्री सीतारमण ने मेघालय की कृषि मूल्य संवर्धन, बाजार सृजन पहल की सराहना की
वित्त मंत्री सीतारमण ने मेघालय की कृषि मूल्य संवर्धन, बाजार सृजन पहल की सराहना की
(तस्वीरों के साथ)
शिलांग, 20 जून (भाषा) केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि मेघालय का किसान-केंद्रित विकास मॉडल स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ आजीविका के नए अवसर भी सृजित कर रहा है।
राज्य के विकास मॉडल की प्रशंसा करते हुए सीतारमण ने कहा कि मेघालय ने भौतिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और लोगों के जीवन में सीधा सुधार लाने वाली परियोजनाओं में निवेश के बीच अच्छा संतुलन बनाया है।
उन्होंने कहा, ‘मेघालय ने खुद के लिए एक रफ्तार तय की है और लोग भी इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। राज्य सरकार का ध्यान केवल सड़कों, सचिवालय या खेल के मैदानों के निर्माण पर ही नहीं है, बल्कि उन परियोजनाओं पर भी है जो सीधे तौर पर लोगों की आजीविका को छूती हैं।’
केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य के अधिकांश निवेश नए आर्थिक अवसर खोल रहे हैं और स्थानीय उत्पादों को भारत की सीमाओं से बाहर बाजार तलाशने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने री-भोई जिले के अपने दौरे के दौरान कृषि मूल्यवर्धन परिवेश को करीब से देखने पर विशेष रूप से प्रसन्नता व्यक्त की।
सीतारमण ने कहा, ‘री-भोई में कल शुरू किए गए कृषि मूल्यवर्धन तंत्र की सफलता को देखकर मैं चकित हूं, जिसे अब हर प्रखंड तक ले जाया जा रहा है।’
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


