वित्त मंत्रालय 12 अक्टूबर से शुरू करेगा बजट-पूर्व बैठकें
वित्त मंत्रालय 12 अक्टूबर से शुरू करेगा बजट-पूर्व बैठकें
नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) वित्त मंत्रालय 2027-28 के केंद्रीय बजट की तैयारियों के तहत 12 अक्टूबर से एक महीने तक बजट-पूर्व बैठकें शुरू करेगा।
मंत्रालय के बजट विभाग ने 23 सितंबर को जारी एक नोटिस में कहा, ‘‘अनुदान और विनियोग के संबंध में वित्त वर्ष 2026-27 के संशोधित अनुमान और 2027-28 के बजट अनुमान को अंतिम रूप देने के लिए बजट-पूर्व चर्चा 12 अक्टूबर से व्यय सचिव की अध्यक्षता में शुरू होगी।’’
यह सूचना सभी मंत्रालयों और विभागों को भेजी गई है। इसमें व्यय विभाग के साथ होने वाली बैठकों का कार्यक्रम दिया गया है। मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम तैयार किया गया है और इसे काफी पहले जारी किया जा रहा है।
सूचना के अनुसार, मंत्रालयों और विभागों को बैठकों के लिए जरूरी जानकारी छह अक्टूबर, 2026 तक जमा करनी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ये बैठकें 13 नवंबर तक चलेंगी।
बजट-पूर्व बैठकों के पूरा होने के बाद वित्त वर्ष 2027-28 के बजट अनुमानों को अस्थायी रूप से अंतिम रूप दिया जाएगा।
वित्त वर्ष 2027-28 का बजट एक फरवरी को पेश किए जाने की संभावना है। यह नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का चौथा बजट और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार दसवां बजट होगा।
अगले वित्त वर्ष के बजट में आर्थिक वृद्धि को और तेज करने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने के साथ रोजगार सृजन और घरेलू मांग को बढ़ावा देने के उपायों पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


