पंजाब में कर्मचारियों, पेंशनभोगियों के लिए डीए में आठ प्रतिशत की वृद्धि अधिसूचित

पंजाब में कर्मचारियों, पेंशनभोगियों के लिए डीए में आठ प्रतिशत की वृद्धि अधिसूचित

पंजाब में कर्मचारियों, पेंशनभोगियों के लिए डीए में आठ प्रतिशत की वृद्धि अधिसूचित
Modified Date: September 23, 2026 / 05:49 pm IST
Published Date: September 23, 2026 5:49 pm IST

चंडीगढ़, 23 सितंबर (भाषा) पंजाब सरकार ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में आठ प्रतिशत वृद्धि बुधवार को अधिसूचित कर दी।

बढ़ा हुआ डीए एक सितंबर से प्रभावी होगा और कर्मचारियों को लागू सरकारी प्रावधानों के अनुसार वेतन के साथ बढ़ी हुई राशि मिलेगी। पेंशनभोगियों को भी संबंधित नियमों के अनुसार बढ़े हुए डीए का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि यह फैसला कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के कल्याण तथा वित्तीय हितों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बयान में कहा गया, “घरेलू खर्च और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के बीच डीए बढ़ाए जाने से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी।”

यह फैसला कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच हाल ही में हुई बैठक के बाद लिया गया है। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई थी, जिनमें महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग भी शामिल थी।

मान ने कर्मचारी प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया था कि उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और कर्मचारियों तथा पेंशनभोगियों के हित में उचित कदम उठाए जाएंगे।

बयान में कहा गया कि इसी प्रतिबद्धता के तहत सरकार ने अब आठ प्रतिशत बढ़े हुए डीए को औपचारिक रूप से मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में