असम से अगरवुड चिप्स की पहली खेप सऊदी अरब, यूएई भेजी

असम से अगरवुड चिप्स की पहली खेप सऊदी अरब, यूएई भेजी

असम से अगरवुड चिप्स की पहली खेप सऊदी अरब, यूएई भेजी
Modified Date: May 14, 2026 / 01:55 pm IST
Published Date: May 14, 2026 1:55 pm IST

गुवाहाटी, 14 मई (भाषा) असम ने 2.35 करोड़ रुपये की अगरवुड चिप्स की अपनी पहली खेप सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को भेज दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अगरवुड को ‘ऊद’ भी कहा जाता है। यह दुनिया के सबसे मूल्यवान सुगंधित कच्चे पदार्थों में से एक है। इसका इस्तेमाल खाड़ी देशों, यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया में लग्जरी परफ्यूम, अगरबत्ती, कॉस्मेटिक्स एवं पारंपरिक उत्पादों में होता है।

ऑल असम अगरवुड प्लांटर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह खेप राज्य की कृषि-वनीकरण अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि यह अगरवुड चिप्स का ‘‘विधिक रूप से स्वीकृत पहला निर्यात’’ है।

बयान के अनुसार, इससे वैश्विक स्तर पर भारी मांग और मजबूत राजस्व क्षमता वाले इस उद्योग के लिए एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।

इस खेप में सऊदी अरब को 100 किलोग्राम अगरवुड चिप्स और यूएई को 12 किलोग्राम भेजा गया है। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के मालवाहक टर्मिनल से इसे बुधवार को भेजा गया।

बयान में कहा गया कि सभी वैधानिक मंजूरियां हासिल करने के बाद ही अगरवुड चिप्स का निर्यात किया गया।

ऑल असम अगरवुड प्लांटर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के चेयरमैन जहीरुल इस्लाम ने कहा, ‘‘ यह उपलब्धि वर्षों के अनुसंधान, नीतिगत वकालत, किसानों की भागीदारी, प्लांटेशन विकास, प्रसंस्करण नवाचार और अंतरराष्ट्रीय अनुपालन प्रयासों का परिणाम है।’’

अधिकारियों ने कहा कि असम में उगाया गया अगरवुड अपनी बेहतर गुणवत्ता, समृद्ध सुगंध और उच्च तेल सामग्री के लिए जाना जाता है। यह राज्य को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहचान दिलाता है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में