नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान बुधवार को
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान बुधवार को
मुंबई, 14 जुलाई (भाषा) नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएफआईए) से एयर इंडिया समूह की किफायती सेवाएं देने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान के साथ पहली अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की शुरुआत मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात से होगी। हवाई अड्डे का संचालन करने वाली अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग लिमिटेड ने यह जानकारी दी।
अंतरराष्ट्रीय सेवा की शुरुआत अबू धाबी के लिए रात दो बजकर 55 मिनट पर उड़ान के रवाना होने के साथ होगी।
अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग लिमिटेड (एएएचएल) ने कहा कि इस नए मार्ग से सप्ताह में तीन दिन सेवा मिलेगी और यह पश्चिम एशिया में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के लिए एक सुविधाजनक सीधी सेवा देगी।
हवाईअड्डे से अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की शुरुआत घरेलू वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने के करीब छह महीने बाद हो रही है। एनएमआईए से घरेलू उड़ानों का संचालन 25 दिसंबर को शुरू हुआ था।
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा अदाणी समूह और महाराष्ट्र सरकार की शहरी नियोजन एवं आधारभूत संरचना विकास एजेंसी सिडको का संयुक्त उपक्रम है।
एएएचएल के पोर्टफोलियो में मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, गुवाहाटी और मंगलुरु के आठ हवाईअड्डे हैं।
एएएचएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अरुण बंसल ने कहा कि पहली नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ान का उद्घाटन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की विकास यात्रा में एक नया अध्याय है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्र और राज्य सरकार की एजेंसियों, सभी संबंधित पक्षों तथा एयर इंडिया एक्सप्रेस का सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


