खर्चों में कटौती के लिए बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू होः एआईबीओसी
खर्चों में कटौती के लिए बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू होः एआईबीओसी
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) बैंक अधिकारियों के संगठन एआईबीओसी ने सरकार से बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की मांग करते हुए बुधवार को कहा कि यह कदम खर्चों में कटौती और ऊर्जा संरक्षण अभियान को समर्थन देगा।
अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (एआईबीओसी) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में कहा कि बैंकिंग उद्योग में पांच दिन का कार्य सप्ताह तत्काल लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए।
संगठन ने कहा, ‘‘यह मांग केवल सेवा शर्तों तक सीमित नहीं है। यह एक व्यावहारिक और राष्ट्रीय महत्व का कदम है जो ईंधन बचत, ऊर्जा की बचत, पर्यावरण सुरक्षा, परिचालन दक्षता और जनसुविधा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाता है।’’
एआईबीओसी ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र में अन्य कई क्षेत्रों की तरह ‘वर्क फ्रॉम होम’ मॉडल को पूरी तरह नहीं अपनाया जा सकता है क्योंकि शाखा संचालन, नकदी प्रबंधन, ग्राहक सेवा, अनुपालन, वसूली, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए कर्मचारियों की भौतिक उपस्थिति जरूरी होती है।
बैंकिंग संगठन ने कहा कि दूरस्थ कार्य व्यापक रूप से संभव नहीं होने की स्थिति में कार्य सप्ताह को तार्किक रूप से युक्तिसंगत बनाना ही सबसे व्यावहारिक विकल्प है।
एआईबीओसी के मुताबिक, पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू होने से देशभर में लाखों बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही में तुरंत कमी आएगी। इससे शहरी और कस्बाई क्षेत्रों में ग्राहकों की शाखाओं तक गैरजरूरी आवाजाही भी घटेगी।
संगठन ने कहा कि इसके समग्र प्रभाव के तौर पर पेट्रोल और डीजल की खपत में कमी, यातायात जाम में कमी, बिजली की बचत, शाखा बुनियादी ढांचे पर परिचालन बोझ में कमी और बैंकिंग क्षेत्र के कार्बन उत्सर्जन में गिरावट आएगी।
एआईबीओसी के मुताबिक, बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करना मितव्ययिता और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग के राष्ट्रीय आह्वान के अनुरूप एक ठोस संस्थागत कदम होगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


