फ्लिपकार्ट देश के ई-कॉमर्स बाजार में 50 से 60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ अग्रणी
फ्लिपकार्ट देश के ई-कॉमर्स बाजार में 50 से 60 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ अग्रणी
नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) फ्लिपकार्ट सकल वस्तु मूल्य (जीएमवी) के आधार पर 50 से 60 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ देश के ई-कॉमर्स बाजार में अग्रणी बना हुआ है। ब्रोकरेज कंपनी आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और सीएलएसए की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
जीएमवी किसी ई-कॉमर्स मंच या मार्केटप्लेस के माध्यम से एक निश्चित समयावधि में बेचे गए सामान का कुल मौद्रिक मूल्य है।
रिपोर्ट के अनुसार, फ्लिपकार्ट ने एक सप्ताह में 85 लाख साप्ताहिक सक्रिय उपयोगकर्ता (डब्ल्यूएयू) जोड़े हैं, जो प्रमुख ई-कॉमर्स मंचों में सबसे अधिक है। इससे कंपनी की बाजार में बढ़त और मजबूत हुई है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने कहा कि वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या 22 करोड़ से 24 करोड़ के बीच आंकी गई है, जबकि भारत में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या लगभग 85 करोड़ है।
रिपोर्ट में कहा गया कि कंपनी नए उपयोगकर्ता जोड़ने के बजाय मौजूदा ग्राहकों को अधिक उत्पाद श्रेणियों से जोड़ने और बिक्री बढ़ाने की रणनीति पर ध्यान दे रही है।
सीएलएसए की एक अलग रिपोर्ट के अनुसार, चार मई को समाप्त सप्ताह में फ्लिपकार्ट ने ई-कॉमर्स क्षेत्र में साप्ताहिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं के मामले में अपनी बढ़त और मजबूत की।
फ्लिपकार्ट ने एक सप्ताह में 85 लाख डब्ल्यूएयू जोड़े, जबकि इसी अवधि में अमेजन ने 66 लाख उपयोगकर्ता जोड़े। दूसरी ओर, मीशो के डब्ल्यूएयू में 59 लाख की गिरावट दर्ज की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष अब तक फ्लिपकार्ट ने कुल 2.68 करोड़ नए साप्ताहिक सक्रिय उपयोगकर्ता जोड़े हैं।
रिपोर्ट में स्मार्टफोन, घरेलू उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे उच्च औसत बिक्री मूल्य (एएसपी) वाले उत्पाद वर्गों में फ्लिपकार्ट की हिस्सेदारी 63 से 64 प्रतिशत बताई गई है।
रिपोर्ट में कहा गया कि अमेजन जीएमवी के आधार पर 25 से 30 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर है। उसके मंच पर 100 से अधिक श्रेणियों में लगभग 18 करोड़ उत्पाद सूचीबद्ध हैं।
अमेजन की सौंदर्य एवं व्यक्तिगत देखभाल, एफएमसीजी (दैनिक उपयोग का सामान) और सामान्य वस्तु श्रेणियों में मजबूत उपस्थिति है, लेकिन स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक्स में उसकी हिस्सेदारी 35 से 36 प्रतिशत है, जो फ्लिपकार्ट से कम है।
मीशो की कुल जीएमवी हिस्सेदारी लगभग 10 प्रतिशत आंकी गई है। कंपनी ने टियर-तीन यानी छोटे शहरों और कस्बों में मजबूत उपस्थिति बनाई है।
फ्लिपकार्ट के मंच पर 80 से अधिक श्रेणियों में 15 करोड़ से अधिक उत्पाद उपलब्ध हैं और उससे करीब 4.5 लाख विक्रेता जुड़े हैं। वहीं अमेजन के मंच पर लगभग सात लाख विक्रेता और मीशो के मंच पर करीब चार लाख विक्रेता हैं।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


