नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने भारतीय डाक के जरिए उपभोक्ताओं तक पार्सल पहुंचाने के लिए डाक विभाग के साथ साझेदारी की है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ई-कॉमर्स मंच ने एक बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों के व्यापक नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इससे कंपनी की बाजार तक पहुंच बढ़ेगी, पार्सल पहुंचाने की दक्षता में सुधार होगा और विशेष रूप से दूरदराज तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं बेहतर होंगी।
बयान में कहा गया, ‘‘इस समझौते के तहत डाक विभाग देशभर में फ्लिपकार्ट के पार्सल को अंतिम चरण तक पहुंचाने की सेवाएं उपलब्ध कराएगा।’’
इस साझेदारी के तहत फ्लिपकार्ट शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज एवं ऐसे इलाके जहां सेवा का अभाव हो वहां भी पार्सल पहुंचाने के लिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करेगा।
डाक विभाग ने पिछले साल दिसंबर में अमेजन इंडिया के साथ भी इसी तरह का समझौता किया था।
भाषा यासिर रमण
रमण