नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में लगभग दोगुना होकर 4,670.99 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि गैस विपणन कारोबार से हुई कमाई में तेज उछाल ने पेट्रोकेमिकल खंड में हुए नुकसान की भरपाई कर दी।
शेयर बाजार को दी जानकारी के अनुसार एक साल पहले इसी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 2,382.24 करोड़ रुपये और इससे पिछली तिमाही (जनवरी-मार्च) में 1,471.46 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन अवधि में परिचालन राजस्व अप्रैल-जून 2025 के 35,428.81 करोड़ रुपये से बढ़कर 41,350.18 करोड़ रुपये हो गया।
इस तिमाही में प्राकृतिक गैस परिवहन सेवा से होने वाली कमाई 14 प्रतिशत बढ़कर 1,782 करोड़ रुपये हो गई, जबकि प्राकृतिक गैस विपणन से होने वाली आय बढ़कर 3,481.29 करोड़ रुपये हो गई। एलपीजी व्यवसाय से होने वाली आय अप्रैल-जून में बढ़कर 772.50 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 205.01 करोड़ रुपये थी।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण आपूर्ति बाधित होने के बाद गेल ने अन्य उत्पादकों के साथ मिलकर रसोई गैस (एलपीजी) का उत्पादन बढ़ा दिया था। पेट्रोकेमिकल खंड में घाटा एक साल पहले के 248.63 करोड़ रुपये से घटकर 122.53 करोड़ रुपये रह गया।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण