गौतम सिंघानिया के स्वास्थ्य में सुधार, राहत एवं खोज कार्यों में दे रहे सहयोग: प्रवक्ता
गौतम सिंघानिया के स्वास्थ्य में सुधार, राहत एवं खोज कार्यों में दे रहे सहयोग: प्रवक्ता
नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) रेमंड ग्रुप के चेयरमैन गौतम हरि सिंघानिया पिछले हफ्ते मालदीव में हुई स्पीडबोट दुर्घटना में लगी चोटों से उबर रहे हैं और बचाव एवं राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं। उनके प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मालदीव में शुक्रवार को सिंघानिया समेत सात लोग स्पीडबोट दुर्घटना का शिकार हुए थे।
प्रवक्ता ने कहा, ‘गौतम सिंघानिया की उचित देखभाल की जा रही है और उनकी हालत स्थिर है। इसके साथ ही वह राहत और बचाव कार्यों में भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। हम प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के लिए प्रार्थना और समर्थन जारी रखेंगे।’
उन्होंने कहा, ‘सोशल मीडिया पर इस दुर्भाग्यपूर्ण स्पीडबोट दुर्घटना के कारण तकनीकी खराबी की अफवाहें फैल रही हैं। तथ्यों की अनदेखी करते हुए जो टिप्पणियां फैल रही हैं, वे पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना हैं।’
सिंघानिया उस स्पीडबोट पर मौजूद सात लोगों में शामिल थे, जिनमें ब्रिटेन और रूस की दो महिलाएं और भारत के पांच पुरुष थे। सिंघानिया को मामूली चोटें आई थीं और उनका मुंबई में इलाज चल रहा है। खबरों के अनुसार, इस दुर्घटना में दो भारतीय पूर्व राष्ट्रीय रैली चैंपियन हरि सिंह और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित महेश रामचंद्रन अभी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


