पश्चिम एशिया तनाव के बीच अप्रैल में रत्न एवं आभूषण निर्यात 9.07 प्रतिशत घटा

Ads

पश्चिम एशिया तनाव के बीच अप्रैल में रत्न एवं आभूषण निर्यात 9.07 प्रतिशत घटा

  •  
  • Publish Date - May 17, 2026 / 03:40 PM IST,
    Updated On - May 17, 2026 / 03:40 PM IST

मुंबई, 17 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अप्रैल में भारत के रत्न एवं आभूषण निर्यात में 9.07 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और घटकर 222.64 करोड़ अमेरिकी डॉलर (20,825.01 करोड़ रुपये) रह गया। रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने यह जानकारी दी।

वर्ष 2025 के इसी महीने में कुल निर्यात 244.85 करोड़ अमेरिकी डॉलर (20,952.26 करोड़ रुपये) रहा था।

जीजेईपीसी के चेयरमैन किरीट भंसाली ने पीटीआई-भाषा को बताया, “निर्यात में गिरावट का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष है, जिससे वैश्विक स्तर पर आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है। इसके अलावा भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका को होने वाले निर्यात में भी असर पड़ा है, क्योंकि शुल्क को लेकर अभी स्पष्टता नहीं है।”

आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात 19.65 प्रतिशत घटकर 89.09 करोड़ अमेरिकी डॉलर रह गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 110.87 करोड़ डॉलर था।

पॉलिश किए गए प्रयोगशाला में निर्मित हीरों का निर्यात 15.53 प्रतिशत घटकर 9.32 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 11.04 करोड़ डॉलर था।

सोने के आभूषणों का निर्यात 21.77 प्रतिशत घटकर 84.15 करोड़ डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष 1,07.56 करोड़ डॉलर था।

साधारण सोने के आभूषणों का निर्यात 47.06 प्रतिशत घटकर 34.10 करोड़ डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 64.43 करोड़ डॉलर था।

चांदी के आभूषणों का निर्यात पिछले महीने 444 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ 26.83 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 4.93 करोड़ डॉलर था।

भाषा योगेश अजय

अजय