गिफ्ट सिटी वैश्विक वित्तीय केंद्रों की रैंकिंग में नौ पायदान की छलांग के साथ 37वें स्थान पर

Ads

गिफ्ट सिटी वैश्विक वित्तीय केंद्रों की रैंकिंग में नौ पायदान की छलांग के साथ 37वें स्थान पर

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 08:46 PM IST

गांधीनगर, 17 सितंबर (भाषा) देश के वैश्विक वित्त-प्रौद्योगिकी केंद्र ‘गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी’ (गिफ्ट सिटी) ने वैश्विक वित्तीय केंद्र सूचकांक (जीएफसीआई-40) के 40वें संस्करण में नौ स्थानों की छलांग लगाते हुए 37वां स्थान हासिल किया है।

इससे पहले जीएफसीआई-39 में यह 46वें स्थान पर थी।

बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, नवीनतम रैंकिंग में गिफ्ट सिटी एशिया-प्रशांत क्षेत्र के शीर्ष 15 वित्तीय केंद्रों में भी शामिल है और इस समूह में जगह बनाने वाला यह एकमात्र भारतीय केंद्र है।

बयान में कहा गया, ‘‘गिफ्ट सिटी ने ‘जीएफसीआई फिनटेक’ रैंकिंग में भी अपनी स्थिति बेहतर की है। जीएफसीआई 39 में यह तीन पायदान ऊपर चढ़कर वैश्विक स्तर पर 29वें स्थान से 26वें स्थान पर पहुंच गया है। जीएफसीआई रिपोर्ट 115 वित्तीय केंद्रों का फिनटेक सुविधाओं के आधार पर आकलन करती है। इसमें नवाचार को बढ़ावा देने वाला परिवेश, वित्त तक पहुंच, कुशल प्रतिभा, नियामकीय माहौल और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) बुनियादी ढांचे को प्रतिस्पर्धी फिनटेक केंद्र के महत्वपूर्ण तत्वों के रूप में पहचाना गया है।’’

जीएफसीआई-40 में भी गिफ्ट सिटी को उन 15 वित्तीय केंद्रों में शामिल किया गया है, जिनके अगले दो से तीन वर्षों में अधिक महत्वपूर्ण बनने की उम्मीद है। यह आकलन जीएफसीआई सर्वेक्षण में शामिल प्रतिभागियों की राय के आधार पर किया गया है।

बयान में कहा गया कि समग्र और फिनटेक रैंकिंग में सुधार गिफ्ट सिटी के वित्तीय सेवा परिवेश के लगातार विस्तार तथा वित्त, प्रौद्योगिकी और नवाचार के बीच बढ़ते तालमेल को दर्शाता है।

रिपोर्ट में अगले पांच वर्षों के लिए वित्तीय केंद्रों की प्राथमिकताओं के रूप में डिजिटल बुनियादी ढांचे (क्लाउड सेवाएं, डेटा संपर्क और साइबर सुरक्षा क्षमता), फिनटेक और डिजिटल परिसंपत्ति कारोबार को आकर्षित करना, धनशोधन रोधी एवं वित्तीय अपराध रोकथाम ढांचे को मजबूत करना तथा पूंजी बाजारों का विस्तार करने को रेखांकित किया गया है।

भाषा यासिर रमण

रमण