ठाणे, 17 सितंबर (भाषा) ठाणे जिले में काले रसायन की परत चढ़े कागज को 500 रुपये मूल्यवर्ग के नोट में बदलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए काशीगांव पुलिस ने आठ सितंबर को काजूपाड़ा इलाके में एक होटल के पास से अमोल बांडगर (43), चैताली शंकर चक्रवर्ती (27) और निशा सुनील मोरे (41) को पकड़ा।
उसने बताया, ‘उन्हें इस तरकीब का प्रदर्शन करते समय पकड़ा गया। उन्होंने रसायनों से उपचारित किए गए कागजों के साथ असली 500 रुपये के नोट रखे थे। इसका उद्देश्य लोगों का पैसा लेकर उनके साथ धोखाधड़ी करना था। हमने 1.38 लाख रुपये मूल्य की नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है, जिसमें रसायनों और अन्य उपकरणों के साथ-साथ 500 रुपये के 151 असली नोट शामिल हैं।’
उन्होंने बताया कि बांडगर रायगढ़ का रहने वाला है जबकि चक्रवर्ती और मोरे सांगली के रहने वाले हैं।
अधिकारी ने कहा कि काशीगांव थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश