नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) वाहन कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी हीरो मोटर्स लिमिटेड के आईपीओ का बृहस्पतिवार को शेयर बिक्री के दूसरे दिन 3.36 गुना बोलियां मिलीं।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 1,000 करोड़ रुपये के आईपीओ में 8,86,07,596 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 29,80,84,496 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा निवेशकों की श्रेणी को 5.02 गुना अभिदान मिला और गैर-संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 3.90 गुना बोलियां मिलीं। पात्र संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबीएस) के कोटे को सात प्रतिशत अभिदान मिला।
हीरो मोटर्स लिमिटेड के आईपीओ को बुधवार को बोली के पहले दिन ही पूर्ण अभिदान मिल गया था।
हीरो मोटर्स लिमिटेड ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से लगभग 300 करोड़ रुपये जुटाए।
कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 79-84 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का मूल्य दायरा तय किया है, जो 18 सितंबर तक बोली के लिए खुला रहेगा।
आईपीओ में 600 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर और 400 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
नए निर्गम से मिली रकम में से 190 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ बकाया कर्ज को चुकाने या समय से पहले चुकाने के लिए किया जाएगा, जबकि 200 करोड़ रुपये का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में कंपनी की सुविधाकेन्द्र में क्षमता विस्तार के लिए जरूरी उपकरण खरीदने में किया जाएगा।
शेष रकम का उपयोग सामान्य कंपनी उद्देश्यों आदि के लिए किया जाएगा।
कंपनी का शेयर 23 सितंबर को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकता है।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण