अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीद में सोना वायदा में तेजी
अमेरिका-ईरान समझौते की उम्मीद में सोना वायदा में तेजी
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) वायदा कारोबार में बुधवार को सोने की कीमत 2,947 रुपये बढ़कर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अमेरिका और ईरान के किसी समझौते के करीब पहुंचने के संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर के कमजोर होने के साथ सोने के दाम में तेजी आई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 2,947 रुपये यानी 1.97 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 9,273 लॉट का कारोबार हुआ।
विश्लेषकों का कहना है कि सोने की कीमतों में बढ़ोतरी का कारण अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौते को लेकर रिपोर्ट है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई।
खबरों के अनुसार, ईरान ने यह भी ऐलान किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से खुल सकता है। यह घोषणा तब की गयी है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को रोक दिया है, जिसका मकसद इस आर्थिक रूप से अहम जलमार्ग से वाणिज्यिक जहाजों को सुरक्षित बाहर निकालना था।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। इसकी मुख्य वजह डॉलर का कमजोर होना और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आना है। साथ ही, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति वार्ता को लेकर भी बाजार में अटकलें जारी हैं।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार, न्यूयॉर्क में जून अनुबंध वाले कॉमेक्स सोना वायदा 146.05 डॉलर यानी 3.2 प्रतिशत बढ़कर 4,714.55 डॉलर प्रति औंस हो गया।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


