सोने का भाव लगातार दूसरे दिन स्थिर, चांदी में 1,500 रुपये की गिरावट

सोने का भाव लगातार दूसरे दिन स्थिर, चांदी में 1,500 रुपये की गिरावट

सोने का भाव लगातार दूसरे दिन स्थिर, चांदी में 1,500 रुपये की गिरावट
Modified Date: July 16, 2026 / 06:22 pm IST
Published Date: July 16, 2026 6:22 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें लगातार दूसरे दिन 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि वैश्विक बाजार में सुस्ती के कारण चांदी में 1,500 रुपये की गिरावट आई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहा।

हालांकि, चांदी लगातार चौथे दिन दबाव में रही और 1,500 रुपये टूटकर 2,24,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) के स्तर पर आ गई, जो दो सप्ताह से ज़्यादा का निचला स्तर है। बुधवार को यह 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

चांदी का भाव आखिरी बार 29 जून को इस स्तर के आसपास था, जब यह 2,24,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।

पिछले चार दिन में इसमें 12,500 रुपये या 5.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। 10 जुलाई को इसका भाव 2,37,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।

कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय मांग संतुलित होने के कारण सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, जबकि लगातार मुनाफावसूली और उद्योग की तरफ से कम लिवाली के कारण चांदी दबाव में रही।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन सोने की कीमत एक सीमित दायरे में रही, क्योंकि निवेशकों ने उम्मीद से कम अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की।’’

ऑगमोंट में शोध प्रमुख, रेनिषा चैनानी ने कहा कि चांदी की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष ने महंगाई कम होने की उम्मीदों को खत्म कर दिया और इस बात की चिंता बढ़ा दी कि तेल की बढ़ती कीमतें फेडरल रिजर्व को ब्याज दरों पर कदम उठाने के लिए मजबूर कर सकती हैं।

वैश्विक बाजार में, हाजिर सोना 29.54 डॉलर या लगभग एक प्रतिशत टूटकर 4,030.84 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 1.7 प्रतिशत टूटकर 56.79 डॉलर प्रति औंस रह गई।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘विदेशी बाज़ार में हाजिर सोने की कीमत गिरकर लगभग 4,033 डॉलर प्रति औंस रह गई, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है और ज़मीनी हालात में कोई खास बदलाव नहीं आया है।’’

इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि ईरान पर तब तक हमले जारी रहेंगे जब तक वह बातचीत की मेज़ पर वापस नहीं आ जाता।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में