पेप्सिको को 2026 की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद, उपभोक्ता मांग मजबूत : सीईओ

पेप्सिको को 2026 की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद, उपभोक्ता मांग मजबूत : सीईओ

पेप्सिको को 2026 की दूसरी छमाही में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद, उपभोक्ता मांग मजबूत : सीईओ
Modified Date: July 16, 2026 / 06:07 pm IST
Published Date: July 16, 2026 6:07 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) खाद्य एवं पेय पदार्थ क्षेत्र की प्रमुख कंपनी पेप्सिको के भारत और दक्षिण एशिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जागृत कोटेचा ने कहा कि कंपनी को 2026 की दूसरी छमाही में अपने कारोबार के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि महंगाई के दबाव के बावजूद शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता मांग मजबूत बनी हुई है।

कोटेचा ने कहा कि कंपनी दूसरी छमाही के प्रदर्शन को लेकर सतर्क रूप से आशान्वित है। हालांकि, पेप्सिको अल नीनो जैसी मौसम संबंधी चुनौतियों के साथ-साथ वैश्विक और घरेलू स्तर की अन्य अनिश्चितताओं पर नजर बनाए हुए है, जो उपभोक्ता मांग को प्रभावित कर सकती हैं।

उन्होंने कहा, ‘हमारी पहली छमाही अच्छी रही है। खाद्य और पेय दोनों कारोबार में व्यापक स्तर पर वृद्धि दर्ज की गई। यह वृद्धि सभी क्षेत्रों, शहरी और ग्रामीण बाजारों तथा विभिन्न बिक्री माध्यमों में देखने को मिली।’

उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से उपभोक्ताओं और व्यापार भागीदारों के लिए चलाए गए कार्यक्रमों को साल की पहली छमाही में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

दूसरी छमाही की संभावनाओं के बारे में कोटेचा ने कहा कि मांग के संकेत सकारात्मक हैं, लेकिन कंपनी बाहरी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेगी।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में