सोने में 700 रुपये की गिरावट, चांदी 8,900 रुपये लुढ़की

Ads

सोने में 700 रुपये की गिरावट, चांदी 8,900 रुपये लुढ़की

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 07:28 PM IST

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने की कीमत 700 रुपये गिरकर 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि कमजोर मांग के कारण घरेलू सर्राफा बाजार में चांदी 8,900 रुपये प्रति किलो टूट गई।

घरेलू सर्राफा बाजार में मांग कमजोर रहने से कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 700 रुपये कमजोर होकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर समेत) पर आ गया। यह पिछले कारोबारी सत्र में 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

सोने के मुकाबले चांदी में और भी तेज गिरावट दर्ज की गई। इसकी कीमत 8,900 रुपये लुढ़ककर 2,26,100 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। इससे पहले सोमवार को चांदी 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में कीमतें अपेक्षाकृत मजबूत रहने के बावजूद आभूषण विक्रेताओं और औद्योगिक उपभोक्ताओं की सुस्त मांग के चलते बाजार पर दबाव बना रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,020.13 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी करीब एक प्रतिशत बढ़कर 58.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार की तेज गिरावट के बाद सर्राफा बाजार में सुधार की कोशिश देखी गई, लेकिन कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, महंगाई की चिंताओं और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख की आशंकाओं के कारण तेजी सीमित रही।’’

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय