नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) सरकार एनएलसी इंडिया लि. में तीन प्रतिशत तक हिस्सेदारी बिक्री पेशकश के माध्यम से न्यूनतम 303 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगी।
बिक्री पेशकश (ओएफएस) मंगलवार को गैर-खुदरा निवेशकों के लिए खुलेगी। खुदरा निवेशकों के लिए यह बुधवार को उपलब्ध होगी। निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (डीआईपीएएम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘भारत सरकार एनएलसी इंडिया लि. (पूर्व में नेवेली लिग्नाइट कॉरपोरेशन) में बिक्री पेशकश के माध्यम से मूल रूप से दो प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की घोषणा करती है। अधिक बोली आने की स्थिति में एक प्रतिशत ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अपने पास रखने का विकल्प रखा है। ’’
एनएलसी इंडिया के शेयर की बिक्री 303 रुपये प्रति इक्विटी के भाव पर की जाएगी। यह सोमवार को बीएसई पर 335.65 रुपये प्रति शेयर के बंद भाव से 9.73 प्रतिशत कम है।
खुदरा निवेशकों के लिए बिक्री पेशकश 10 जून को खुलेगी।
चावला ने कहा कि मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन, लगातार रिटर्न और आकर्षक लाभांश के साथ, एनएलसी दीर्घकालिक निवेश का एक आकर्षक अवसर प्रदान करती है।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अब तक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में अल्पांश हिस्सेदारी बेचकर 12,166 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इनमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।
भाषा रमण अजय
अजय