नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने शुक्रवार को आठ नई रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी दे दी।
सरकार ने इन परियोजनाओं के संबंध में कहा है कि इससे संपर्क बढ़ेगा, यात्रा आसान होगी, तेल आयात में कमी आएगी और कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल निर्णय के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि प्रस्तावित परियोजनाएं संपर्क से वंचित क्षेत्रों को जोड़कर लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार लाएंगी और परिवहन नेटवर्क को बेहतर बनाएंगी। इससे आपूर्ति श्रृंखला सुव्यवस्थित होगी और आर्थिक वृद्धि में तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 24,657 करोड़ रुपये है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से 767 करोड़ किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन कम होगा। यह 30 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है।
भाषा अनुराग रमण
रमण