आईआरएफसी में हिस्सेदारी बिक्री से सरकार ने जुटाए करीब 2,100 करोड़ रुपये

Ads

आईआरएफसी में हिस्सेदारी बिक्री से सरकार ने जुटाए करीब 2,100 करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 08:09 PM IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) में हिस्सेदारी बिक्री के जरिये लगभग 2,100 करोड़ रुपये जुटाए हैं।

निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि आईआरएफसी की बिक्री पेशकश (ओएफएस) को खुदरा निवेशकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली।

उन्होंने कहा, “संस्थागत निवेशकों के साथ मिलाकर दो कारोबारी दिनों में अल्पांश शेयरधारकों को 22.88 करोड़ शेयर बेचे गए, जिससे अनुमानित 2,084 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। हम सभी निवेशकों को उनकी भागीदारी और हम पर विश्वास जताने के लिए धन्यवाद देते हैं।”

सरकार ने बुधवार को ‘ग्रीन शू’ विकल्प का इस्तेमाल करने का फैसला किया था। इससे रेल मंत्रालय के इस सार्वजनिक उपक्रम में दो प्रतिशत हिस्सेदारी बिक्री की जा सकी।

दीपम ने ओएफएस के लिए 91 रुपये प्रति शेयर का न्यूनतम मूल्य तय किया था, जो मंगलवार को बीएसई पर आईआरएफसी के शेयर के बंद भाव की तुलना में 7.8 प्रतिशत कम था।

बीएसई पर बृहस्पतिवार को आईआरएफसी का शेयर 0.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.78 रुपये पर बंद हुआ।

चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार पांच केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में अल्पांश हिस्सेदारी बेच चुकी है, जिससे कुल विनिवेश प्राप्ति 16,480 करोड़ रुपये हो गई है।

इसमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये, जीआईसी से 3,090 करोड़ रुपये, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2,266 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया से 1,223 करोड़ रुपये जुटाये गये हैं।

भाषा योगेश अजय

अजय