मुंबई, आठ अगस्त (भाषा) केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को कहा कि सरकार हर भारतीय नाविक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और पश्चिम एशिया संकट के बाद खाड़ी क्षेत्र से 4,048 नाविकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया है।
‘नाविक सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण’ विषय पर आयोजित चर्चा में उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक हजारों नाविकों की सुरक्षित वापसी कराई है और उनके परिवारों को भी आवश्यक सहायता दी गई है।
यह चर्चा समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में की गई। इस कार्यक्रम में एकीकृत ई-गवर्नेंस और डिजिटल समुद्री सेवाओं के मंच ‘ई-समुद्र’ की शुरुआत की गई।
केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा मुख्य मकसद दुनिया भर में जहाजों पर तैनात हर भारतीय नाविक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हमने अब तक 4,048 से ज़्यादा नाविकों को वापस बुलाया है। उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया है और हमने उनके परिवारों की भी मदद की है।’’
मंत्रालय के अनुसार, डीजीएमए ने 16,000 से अधिक सूचनाओं की निगरानी की, 40,000 से ज्यादा संचार संभाले और विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, भारतीय नौसेना, जहाज मालिकों तथा अन्य समुद्री हितधारकों के सहयोग से 4,000 से अधिक फंसे भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की।
‘ई-समुद्र’ मंच के 15 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। यह एक व्यापक डिजिटल मंच है, जो नाविकों, पोत परिवहन कंपनियों, बंदरगाहों और अन्य समुद्री हितधारकों के लिए विभिन्न सेवाओं को एकीकृत करेगा।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय