Khandwa Mutton Parcel News: Image Source : FILE
खंडवा : मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित ‘बिस्मिल्लाह होटल’ से मंगाए गए मटन पार्सल में आधा मरा हुआ चूहा मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पार्सल खोलने से पहले घर के दो बच्चे वह खाना खा चुके थे। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने खाद्य विभाग से शिकायत की, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता इरफान खान के अनुसार, उन्होंने कहारवाड़ी स्थित होटल से ‘मटन कोल्हापुरी’ का पार्सल खरीदा था। घर पहुंचकर जब परिवार ने खाना शुरू किया, तो खाने के बीच में आधा मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। इससे पहले कि वे इसे देखते, दो बच्चे भी वह खाना खा चुके थे। इरफान ने तुरंत मामले का वीडियो बनाया और बच्चों को जांच के लिए अस्पताल ले गए, जहाँ गनीमत रही कि दोनों बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
घटना की सूचना मिलने पर खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम बिस्मिल्लाह होटल पहुंची। टीम ने होटल से मटन और बिरयानी के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। इस घटना के बाद होटल में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।खाद्य निरीक्षक ने स्पष्ट किया है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इन्हें भी पढ़ें:-