डीपीआईआईटी ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए पांच कंपनियों से किए समझौते

Ads

डीपीआईआईटी ने स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए पांच कंपनियों से किए समझौते

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 06:36 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 06:36 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने स्टार्टअप को मजबूत करने के लिए कैशफ्री पेमेंट्स, डार्विन डायनामिक्स, वल्टर इंडिया, कोर्स24 और काउंसिल फॉर स्टार्टअप इंडिया के साथ समझौते किए हैं।

कैशफ्री पेमेंट्स इंडिया के साथ किए गए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत पात्र स्टार्टअप को सुरक्षित और लचीली भुगतान प्रणाली एवं भुगतान निपटान, पहचान सत्यापन तथा जोखिम प्रबंधन सेवाएं मिलेंगी।

डार्विन डायनामिक्स के साथ समझौते का मकसद स्वच्छ ऊर्जा, कृत्रिम मेधा, जलवायु तकनीक और उन्नत विनिर्माण जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में क्षमता निर्माण और नवाचार को बढ़ावा देना है।

डीपीआईआईटी ने कहा कि वल्टर इंडिया के साथ सहयोग के तहत स्टार्टअप को क्लाउड कंप्यूटिंग संसाधनों, तकनीकी प्रशिक्षण और डिजिटल अवसंरचना तक बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे वे अपने कारोबार को अधिक प्रभावी ढंग से विकसित कर सकेंगे।

वहीं कार्स24 के साथ हुए समझौते का मकसद स्टार्टअप संस्थापकों को संरचित मार्गदर्शन देना, परिवहन और वाहन प्रौद्योगिकी कौशल विकास बढ़ावा देना और एआई आधारित प्रौद्योगिकी को अपनाने में सहयोग करना है।

विभाग ने कहा, ‘‘काउंसिल फॉर स्टार्टअप इंडिया (सीएसआई) के साथ हुए समझौते के तहत डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप को निवेश, रणनीतिक साझेदारी, मार्गदर्शन, नेतृत्व विकास और वैश्विक बाजारों तक पहुंच दिलाने में सहायता दी जाएगी।’’

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय