ग्रो ने पेश की ‘एमएफ प्राइम’ सेवा, प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड योजना में नहीं होगा कोई बदलाव

ग्रो ने पेश की 'एमएफ प्राइम' सेवा, प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड योजना में नहीं होगा कोई बदलाव

ग्रो ने पेश की ‘एमएफ प्राइम’ सेवा, प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड योजना में नहीं होगा कोई बदलाव
Modified Date: July 10, 2026 / 04:57 pm IST
Published Date: July 10, 2026 4:57 pm IST

बेंगलुरु, 10 जुलाई (भाषा) देश के सबसे बड़े म्यूचुअल फंड निवेश मंच ग्रो ने शुक्रवार को कहा कि खुद से निवेश करने वाले निवेशकों के लिए प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड निवेश पहले की तरह मुफ्त बना रहेगा।

कंपनी ने यह स्पष्टीकरण अपनी नई सेवा ‘एमएफ प्राइम’ को पेश करने के बाद दिया है, ताकि उन चिंताओं को दूर किया जा सके जिनमें कहा जा रहा था कि मंच उपयोगकर्ताओं को प्रत्यक्ष योजनाओं से हटा रहा है।

कंपनी ने कहा कि ‘एमएफ प्राइम’ को उन निवेशकों के लिए तैयार किया गया है, जो म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो के चयन, समीक्षा और संतुलन (रीबैलेंसिंग) में मार्गदर्शन चाहते हैं। वहीं, जो निवेशक खुद अपने फैसले से निवेश करना चाहते हैं, वे बिना किसी बदलाव के प्रत्यक्ष योजनाओं में निवेश जारी रख सकते हैं।

ग्रो ने बताया कि उसने जनवरी में सीमित संख्या में उपयोगकर्ताओं के साथ ‘एमएफ प्राइम’ का परीक्षण शुरू किया था और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब इसे बड़े स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

कंपनी के अनुसार, जो ग्राहक ‘एमएफ प्राइम’ सुविधा का विकल्प चुनेंगे, उनके भविष्य के म्यूचुअल फंड निवेश नियमित योजनाओं के माध्यम से किए जाएंगे। हालांकि, उनके पहले से किए गए निवेश प्रत्यक्ष योजनाओं में ही बने रहेंगे। उपयोगकर्ता ऐप की सेटिंग के माध्यम से दोबारा प्रत्यक्ष योजनाओं में वापस जा सकते हैं।

ग्रो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘यदि आप आज ग्रो पर खुद से निवेश करने वाले (डीआईवाई) ग्राहक हैं तो आपके लिए कुछ भी नहीं बदलेगा। न योजनाओं में, न शुल्क में और न ही अनुभव में। यह कहना कि ग्रो ने म्यूचुअल फंड निवेश को लेकर अपना रुख बदल दिया है, पूरी तरह गलत है।’

कंपनी ने बताया कि एमएफ प्राइम में उसकी आंतरिक शोध टीम की सिफारिशों को कृत्रिम मेधा(एआई) आधारित प्रणाली के साथ जोड़ा गया है। यह प्रणाली म्यूचुअल फंड योजनाओं का प्रदर्शन, जोखिम और निवेशक के लिए उनकी उपयुक्तता के आधार पर मूल्यांकन करती है।

इस सुविधा के तहत निवेशकों को उनके वित्तीय लक्ष्यों, जोखिम लेने की क्षमता और निवेश अवधि के आधार पर खरीद, निवेश बनाए रखने, बाहर निकलने और पोर्टफोलियो में बदलाव से जुड़ी सलाह दी जाएगी।

ग्रो ने कहा कि यह सुविधा उन निवेशकों की मांग को देखते हुए शुरू की गई है, जो निवेश संबंधी मार्गदर्शन चाहते हैं। हालांकि, खुद से निवेश करने वाले ग्राहकों के लिए प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी।

कंपनी के मंच पर वर्तमान में एक करोड़ से अधिक म्यूचुअल फंड निवेशक हैं और प्रत्यक्ष म्यूचुअल फंड योजनाओं में उसका प्रबंधन अधीन परिसंपत्ति (एयूएम) 1.9 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में