निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा गुजरातः मुख्यमंत्री पटेल
निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा गुजरातः मुख्यमंत्री पटेल
सूरत, एक मई (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को सूरत में ‘वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि राज्य निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरा है।
पटेल ने उद्धाटन कार्यक्रम में कहा कि पिछले दो दशकों में गुजरात ने बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी चुनौतियों को पार करते हुए संतुलित विकास का मॉडल स्थापित किया है। ज्योतिग्राम योजना से 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई, जबकि नर्मदा का पानी कच्छ जैसे शुष्क क्षेत्रों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि गुजरात आज देश के कुल मालवहन का 40 प्रतिशत संभाल रहा है और उसकी लंबी समुद्री तटरेखा आर्थिक समृद्धि का द्वार बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि 2003 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन’ ने राज्य को निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 24 वर्षों में गुजरात ने कुल 68.9 अरब डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) आकर्षित किया है और देश के औद्योगिक उत्पादन में 18 प्रतिशत योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा, ‘राज्य का कर राजस्व 2001 के 9,000 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.55 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि बिजली उत्पादन क्षमता 53,000 मेगावाट तक पहुंच गई है।’
उन्होंने कहा कि गुजरात देश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पटेल ने बताया कि इस सम्मेलन के तहत विभिन्न क्षेत्रों की ताकत के आधार पर निवेश अवसरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पहले आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलनों में नौ लाख करोड़ रुपये के लगभग 6,800 समझौते हुए हैं।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और सी आर पाटिल भी मौजूद थे।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


