पश्चिम एशिया संकट के बीच रुपये में चौथे दिन भी गिरावट, आठ पैसे टूटकर 96.33 प्रति डॉलर पर

पश्चिम एशिया संकट के बीच रुपये में चौथे दिन भी गिरावट, आठ पैसे टूटकर 96.33 प्रति डॉलर पर

पश्चिम एशिया संकट के बीच रुपये में चौथे दिन भी गिरावट, आठ पैसे टूटकर 96.33 प्रति डॉलर पर
Modified Date: July 16, 2026 / 04:26 pm IST
Published Date: July 16, 2026 4:26 pm IST

मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को आठ पैसे की गिरावट के साथ 96.33 (अस्थायी) पर रहा।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और डॉलर के मजबूत होने के बीच रुपया लगातार चौथे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली से भी रुपये पर दबाव बना रहा।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.28 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.22 के उच्च स्तर और 96.37 के निचले स्तर के बीच घूमता रहा। अंत में यह पिछले बंद भाव की तुलना में आठ पैसे की गिरावट के साथ 96.33 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा।

रुपया बुधवार को नौ पैसे टूटकर 96.25 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच हमलों के कारण कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते खतरे ने ईरान युद्ध समाप्त करने के अंतरिम समझौते पर अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे क्षेत्र में व्यापक संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपये में कमजोरी का रुख बना रह सकता है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान से कि ईरान, अमेरिका के साथ समझौता करना चाहता है, वैश्विक बाजार धारणा में कुछ सुधार हो सकता है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का हस्तक्षेप भी निचले स्तर पर रुपये को समर्थन दे सकता है।

उन्होंने कहा कि कारोबारियों की नजर अमेरिका के खुदरा बिक्री और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के आंकड़ों पर रहेगी। डॉलर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 96.10 से 96.60 के दायरे में रह सकती है।

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.50 पर रहा।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84.62 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

घरेलू शेयर बाजार बृहस्पतिवार को स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 1.44 अंक की मामूली बढ़त के साथ 77,186.87 अंक पर रहा, जबकि निफ्टी 5.75 अंक फिसलकर 24,072.75 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 735.83 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में