गुजरात 16,086 मेगावाट की पवन ऊर्जा क्षमता के साथ देश में सबसे आगे
गुजरात 16,086 मेगावाट की पवन ऊर्जा क्षमता के साथ देश में सबसे आगे
गांधीनगर, 29 जुलाई (भाषा) गुजरात पवन ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन गया है। जून, 2026 तक राज्य की स्थापित पवन ऊर्जा क्षमता बढ़कर 16,086 मेगावाट हो गई, जो देश में सबसे अधिक है।
बुधवार को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में गुजरात ने 3,370.6 करोड़ यूनिट पवन ऊर्जा का उत्पादन किया, जो देश के कुल पवन ऊर्जा उत्पादन का लगभग एक-तिहाई है।
इस दौरान देश की कुल स्थापित पवन ऊर्जा क्षमता 57,443 मेगावाट रही, जबकि कुल उत्पादन 106 अरब यूनिट तक पहुंच गया।
बयान के मुताबिक, पवन ऊर्जा क्षेत्र में इस तेजी के पीछे हरित ऊर्जा गलियारा योजना के तहत पारेषण ढांचे का विस्तार, अंतर-राज्यीय पारेषण प्रणाली (आईएसटीएस) शुल्क में छूट और 2023 की रिपावरिंग एवं लाइफ एक्सटेंशन नीति जैसे कदम अहम रहे हैं।
इसके अलावा, समुद्री पवन ऊर्जा पट्टा नियम, 2023 और व्यवहार्यता अंतराल वित्तपोषण योजना से भी भविष्य में विस्तार के नए रास्ते खुले हैं।
सरकार का कहना है कि नवीकरणीय ऊर्जा में गुजरात की अग्रणी भूमिका देश के 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल करने और कार्बन उत्सर्जन कम करने के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


