एचसीएल टेक का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 4.2 प्रतिशत बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये पर

Ads

एचसीएल टेक का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 4.2 प्रतिशत बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 06:56 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 06:56 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 4.20 प्रतिशत बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये हो गया। इस प्रदर्शन के पीछे एआई-आधारित सेवा कारोबार की अहम भूमिका रही है।

कंपनी ने मंगलवार को जारी जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के वित्तीय नतीजों में यह जानकारी दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,307 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 12.34 प्रतिशत बढ़कर 33,981 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 30,246 करोड़ रुपये थी।

वहीं, तिमाही आधार पर कंपनी के शुद्ध लाभ में 10.10 प्रतिशत और राजस्व में 0.32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 4.30 प्रतिशत घटकर 16,642 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 17,390 करोड़ रुपये था।

हालांकि, इसका वार्षिक राजस्व 11.18 प्रतिशत बढ़कर 1,30,144 करोड़ रुपये हो गया।

एचसीएल टेक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक सी विजयकुमार ने कहा कि कुछ कारोबार क्षेत्रों में सुस्ती, विवेकाधीन खर्च में कमी और निर्णय लेने में देरी के कारण तिमाही प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा।

विजयकुमार ने कहा, “हालांकि हमारी एआई-आधारित सेवाओं को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और वार्षिक आधार पर उन्नत एआई राजस्व 62 करोड़ डॉलर से अधिक हो गया है।” तिमाही के दौरान उन्नत एआई राजस्व 15.5 करोड़ डॉलर रहा।

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में एचसीएल टेक की शीर्ष प्राथमिकता एआई क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की होगी।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण