हिंदुस्तान जिंक का राजस्थान में जस्ता तार संयंत्र लगाने के लिए ग्रुप निर्मल से करार
हिंदुस्तान जिंक का राजस्थान में जस्ता तार संयंत्र लगाने के लिए ग्रुप निर्मल से करार
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने राजस्थान में जस्ता तार बनाने वाली इकाई लगाने के लिए मंगलवार को ग्रुप निर्मल के साथ समझौता किया।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इस संबंध में भीलवाड़ा जिले में स्थित उसके जिंक इंडस्ट्रियल पार्क में संयंत्र लगाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
कंपनी के मुताबिक, यह पहल घरेलू बाजार में उच्च-मूल्य औद्योगिक उपयोगों के लिए मजबूत डाउनस्ट्रीम जिंक विनिर्माण पारिस्थितिकी विकसित करने की उसकी दीर्घकालिक रणनीति को और मजबूती देगी।
इस समझौते के तहत ग्रुप निर्मल, हिंदुस्तान जिंक के उच्च-ग्रेड वाले जस्ते का इस्तेमाल कर जस्ता तार उत्पादों का निर्माण करेगा। इन उत्पादों का उपयोग बुनियादी ढांचा, नवीकरणीय ऊर्जा, वाहन और औद्योगिक इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।
ग्रुप निर्मल कंपनी इस्पात, एल्युमीनियम और जस्ता तार की प्रमुख विनिर्माता है। जस्ता तार का इस्तेमाल थर्मल स्प्रे कोटिंग और मेटलाइजिंग प्रक्रियाओं में एक महत्वपूर्ण कच्चे माल के रूप में होता है।
इस प्रक्रिया में जस्ते को पिघलाकर इस्पात की सतह पर छिड़का जाता है, जिससे जंग-रोधी परत बनती है।
यह परत पुल, ट्रांसमिशन टावर, रेलवे, बंदरगाह, पाइपलाइन और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को लंबे समय तक सुरक्षा प्रदान करती है तथा रखरखाव लागत को कम करती है।
हिंदुस्तान जिंक दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत जस्ता उत्पादक कंपनी है और वैश्विक स्तर पर शीर्ष 10 चांदी उत्पादकों में शामिल है। कंपनी 40 से अधिक देशों को आपूर्ति करती है और भारत के प्राथमिक जस्ता बाजार में उसकी हिस्सेदारी करीब 74 प्रतिशत है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


