सिग्नेचर ग्लोबल का पहली तिमाही में शुद्ध कर्ज बढ़कर 390 करोड़ रुपये, बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत घटी

सिग्नेचर ग्लोबल का पहली तिमाही में शुद्ध कर्ज बढ़कर 390 करोड़ रुपये, बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत घटी

सिग्नेचर ग्लोबल का पहली तिमाही में शुद्ध कर्ज बढ़कर 390 करोड़ रुपये, बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत घटी
Modified Date: July 15, 2026 / 10:55 am IST
Published Date: July 15, 2026 10:55 am IST

नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध कर्ज बढ़कर 390 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2026 के अंत में 200 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, ‘‘ 30 जून, 2026 तक कंपनी के पास नकदी तथा बैंक में जमा राशि (सावधि जमा सहित) 2,522 करोड़ रुपये थी। इससे उसका बही-खाता मजबूत बना हुआ है और भविष्य की वृद्धि एवं परिचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त वित्त उपलब्ध है।’’

कंपनी ने साथ ही बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में बिक्री बुकिंग 25 प्रतिशत घटकर 1,970 करोड़ रुपये रह गई। इसकी मुख्य वजह बिक्री की मात्रा में कमी रही। एक वर्ष पहले की समान अवधि में कंपनी की बिक्री बुकिंग 2,640 करोड़ रुपये थी।

चालू वित्त वर्ष के लिए गुरुग्राम स्थित कंपनी ने 10,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है।

वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 226 इकाइयों की बिक्री की, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह संख्या 778 थी। समीक्षाधीन तिमाही में 7.2 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल की बिक्री की, जबकि एक वर्ष पहले की समान अवधि में उसने 16.2 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल बेचा था।

वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 8,250 करोड़ रुपये की संपत्तियों की बिक्री की थी और बिक्री बुकिंग के आधार पर सूचीबद्ध रियल एस्टेट कंपनियों में पांचवें स्थान पर पहुंच गई थी।

गौरतलब है कि अप्रैल में सिग्नेचर ग्लोबल ने इटली के लाइफस्टाइल ब्रांड टोनिनो लैम्बॉर्गिनी के साथ गुरुग्राम में लगभग 2,900 करोड़ रुपये के निवेश से एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए साझेदारी की थी। 12.4 एकड़ में फैली इस परियोजना में 812 आवास विकसित किए जाएंगे।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में