फसल वर्ष 2025-26 में बागवानी उत्पादन दो प्रतिशत बढ़कर 37.8 करोड़ टन होने का अनुमान
फसल वर्ष 2025-26 में बागवानी उत्पादन दो प्रतिशत बढ़कर 37.8 करोड़ टन होने का अनुमान
नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) फसल वर्ष 2025-26 के दौरान भारत का बागवानी उत्पादन दो प्रतिशत बढ़कर 37 करोड़ 77.7 लाख टन होने का अनुमान है, जिसका मुख्य कारण फलों और सब्जियों का बेहतर उत्पादन है। सरकार के ताजा आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
बृहस्पतिवार को जारी एक सरकारी बयान के अनुसार, वर्ष 2025-26 में बागवानी फसलों के तहत खेत का रकबा 301.51 लाख हेक्टेयर था, जो पिछले वर्ष के 301.36 लाख हेक्टेयर से मामूली अधिक है।
कृषि मंत्रालय ने दूसरे अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा, ‘‘देश में बागवानी उत्पादन फसल वर्ष 2025-26 में लगभग 3,777.76 लाख टन होने की उम्मीद है, जो फसल वर्ष 2024-25 (अंतिम) की तुलना में 70.39 लाख टन (1.90 प्रतिशत) की वृद्धि दर्शाता है।’’
फसल वर्ष 2024-25 में बागवानी उत्पादन 3,707.38 लाख टन था।
फलों, सब्जियों, फूलों और सुगंधित व औषधीय फसलों के उत्पादन में वृद्धि का अनुमान है।
केला, आम, पपीता, सेब और अमरूद के उत्पादन में वृद्धि के कारण फसल वर्ष 2025-26 में फलों का उत्पादन तीन प्रतिशत बढ़कर 1,214.75 लाख टन होने की उम्मीद है, जो फसल वर्ष 2024-25 में 1,176.49 लाख टन था।
सब्जियों का उत्पादन फसल वर्ष 2025-26 में 1.5 प्रतिशत बढ़कर 2,210 लाख टन होने की उम्मीद है, जो उत्पादन फसल वर्ष 2024-25 में 2,177.97 लाख टन था। आलू, टमाटर, भिंडी, मटर, फूलगोभी और लौकी के उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।
फसल वर्ष 2025-26 में प्याज का उत्पादन 307.37 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि फसल वर्ष 2024-25 में यह 307.67 लाख टन था। वहीं, आलू का उत्पादन फसल वर्ष 2024-25 के 585.71 लाख टन से बढ़कर 598.89 लाख टन होने की उम्मीद है।
फसल वर्ष 2025-26 में टमाटर का उत्पादन 214.61 लाख टन रहने की उम्मीद है, जो फसल वर्ष 2024-25 के 205.99 लाख टन की तुलना में 4.19 प्रतिशत अधिक है।
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सुगंधित और औषधीय पौधों का उत्पादन फसल वर्ष 2024-25 के 9.01 लाख टन से बढ़कर फसल वर्ष 2025-26 में 9.76 लाख टन होने का अनुमान है।
फसल वर्ष 2025-26 के दौरान बागवानी फसलों का उत्पादन 169.34 लाख टन रहने की उम्मीद है।
फूलों का उत्पादन वर्ष 2024-25 के 42.65 लाख टन की तुलना में वर्ष 2025-26 में बढ़कर 45.84 लाख टन होने का अनुमान है।
मसालों का उत्पादन वर्ष 2025-26 में बढ़कर 126.55 लाख टन होने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है कि लहसुन, हल्दी, करी पत्ता और मेथी के उत्पादन में बढ़ोतरी का अनुमान है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


