बीते साल दूसरी श्रेणी के 15 शहरों में घरों की बिक्री 10 प्रतिशत घटी : प्रॉपइक्विटी
बीते साल दूसरी श्रेणी के 15 शहरों में घरों की बिक्री 10 प्रतिशत घटी : प्रॉपइक्विटी
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) दूसरी श्रेणी के 15 शहरों में घरों की बिक्री पिछले साल (2025 में) 10 प्रतिशत गिरकर 1.56 लाख इकाई रह गई, जबकि मूल्य के हिसाब से यह 1.48 लाख करोड़ रुपये पर स्थिर रही। रियल एस्टेट डेटा विश्लेषक मंच प्रॉपइक्विटी ने यह जानकारी दी।
प्रॉपइक्विटी ने बृहस्पतिवार को देश के दूसरी श्रेणी के 15 प्रमुख शहरों के आंकड़े जारी किये।
प्रॉपइक्विटी के अनुसार, 2025 में दूसरी श्रेणी के शीर्ष 15 शहरों में आवास बिक्री मूल्य 1.48 लाख करोड़ रुपये पर स्थिर रहा, लेकिन बिक्री की मात्रा सालाना आधार पर 10 प्रतिशत घटकर 1,56,181 इकाई रह गई।
प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर जसूजा ने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों में घरों की बिक्री में मंदी मुख्य रूप से एक करोड़ रुपये से कम कीमत वाले घरों की घटती आपूर्ति के कारण है।’’
आंकड़ो के अनुसार, एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री में नौ प्रतिशत की वृद्धि हुई और इनका हिस्सा 2024 के 23 प्रतिशत से बढ़कर 28 प्रतिशत हो गया।
प्रॉपइक्विटी के मुताबिक, अहमदाबाद में 2025 में आवास बिक्री आठ प्रतिशत की गिरावट के साथ 51,148 इकाई रह गई, जो पिछले वर्ष 55,315 इकाई थी।
सूरत में घरों की बिक्री 23,342 इकाइयों से 15 प्रतिशत घटकर 19,835 इकाई रह गई।
वडोदरा में बिक्री 19 प्रतिशत घटकर 17,045 इकाई से 13,798 इकाई रह गई, जबकि गांधीनगर में मांग 13,884 इकाई से घटकर 13,710 इकाई रह गई।
नासिक में आवास की बिक्री 10 प्रतिशत घटकर 12,492 इकाई से 11,188 इकाई रह गई। जयपुर में बिक्री पांच प्रतिशत घटकर 10,271 इकाई से 9,758 इकाई रह गई।
नागपुर में बिक्री 18 प्रतिशत घटकर 7,653 इकाइयों से 6,260 इकाइयों पर आ गई, जबकि भुवनेश्वर में 25 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,538 इकाइयों से 4,885 इकाइयों पर आ गई।
कोयंबटूर में बिक्री 3,854 इकाइयों से चार प्रतिशत घटकर 3,702 इकाई रह गई।
भोपाल में आवास बिक्री 3,804 इकाइयों से पांच प्रतिशत घटकर 3,599 इकाई रह गई।
गोवा में मांग 3,518 इकाइयों से मामूली कमी के साथ 3,507 इकाइयों पर आ गई।
विशाखापत्तनम में बिक्री 38 प्रतिशत घटकर 3,858 इकाइयों से 2,406 इकाइयों पर आ गई, जबकि कोच्चि में बिक्री 17 प्रतिशत घटकर 2,659 इकाइयों से 2,214 इकाइयों पर आ गई।
हालांकि, मोहाली में आवास की बिक्री 4,554 इकाइयों से 34 प्रतिशत बढ़कर 6,118 इकाई हो गई।
प्रॉपइक्विटी के मुताबिक लखनऊ में बिक्री पिछले साल छह प्रतिशत बढ़कर 4,053 इकाई हो गई, जो 2024 में 3,812 इकाई थी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


