आईसीएआई ने चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों के लिए वैश्विक नेटवर्किंग दिशानिर्देश जारी किए

आईसीएआई ने चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों के लिए वैश्विक नेटवर्किंग दिशानिर्देश जारी किए

आईसीएआई ने चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों के लिए वैश्विक नेटवर्किंग दिशानिर्देश जारी किए
Modified Date: February 18, 2026 / 07:46 pm IST
Published Date: February 18, 2026 7:46 pm IST

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) पेशेवरों की शीर्ष संस्था आईसीएआई ने बुधवार को वैश्विक नेटवर्किंग दिशानिर्देश अधिसूचित कर दिए जिससे घरेलू सीए फर्मों के बड़ा नेटवर्क बनाने और वैश्विक नेटवर्क के साथ सहयोग का रास्ता साफ हो गया है।

भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) की तरफ से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इन दिशानिर्देशों के तहत भारत में संचालित ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट के वैश्विक नेटवर्क’ को उनकी भारतीय गतिविधियों के संबंध में आईसीएआई के नियामकीय दायरे में लाया जाएगा।

इसका मतलब है कि किसी विदेशी सीए नेटवर्क को भारतीय सीए फर्मों के साथ सहयोग के लिए संस्थान के पास पंजीकरण कराना होगा।

आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी. ने कहा कि यह ढांचा देश में पेशेवर नेटवर्क विकसित करने के लिए सक्षम वातावरण तैयार करेगा और उभरते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में घरेलू फर्मों को समान अवसर प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि इससे भारतीय फर्मों को वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं, उभरते ज्ञान और प्रौद्योगिकी तक पहुंच मिलेगी तथा उनकी क्षमता सुदृढ़ होगी।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब सरकार घरेलू स्तर पर बड़ी लेखा फर्मों के विकास को बढ़ावा देने के प्रयास कर रही है, ताकि वे वैश्विक कंपनियों के स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। आईसीएआई के देशभर में पांच लाख से अधिक सदस्य हैं।

इस बीच, आईसीएआई ने फरवरी माह के अंत तक सूचना प्रणाली ऑडिट मानक (आईएसएएस) जारी करने की बात कही है। कुल 11 मानकों का उद्देश्य देश की डिजिटल पारिस्थितिकी में ऑडिट प्रक्रिया को मजबूत करना है।

आईसीएआई के मुताबिक, ये मानक ऑडिट प्रणाली नियंत्रण और वित्तीय रिपोर्टिंग की शुचिता के बीच सीधा संबंध स्थापित करेंगे।

संस्थान ने कहा कि ईआरपी-आधारित, स्वचालित और क्लाउड-संबद्ध वित्तीय प्रणालियों के दौर में मजबूत सूचना प्रणाली नियंत्रण से डिजिटल वित्तीय रिपोर्टिंग की विश्वसनीयता बढ़ेगी और हितधारकों का विश्वास मजबूत होगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में