आईडीबीआई बैंक का जून तिमाही में शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये पर
आईडीबीआई बैंक का जून तिमाही में शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 18 जुलाई (भाषा) आईडीबीआई बैंक का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत बढ़कर 2,115 करोड़ रुपये रहा।
बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 2,007 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
आईडीबीआई बैंक ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि जून, 2026 को समाप्त तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 8,573 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 8,458 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 7,541 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 7,021 करोड़ रुपये थी।
बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 10 प्रतिशत बढ़कर 3,486 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 3,166 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बैंक का परिचालन लाभ घटकर 2,168 करोड़ रुपये रह गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2,354 करोड़ रुपये था।
बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) भी घटकर 3.61 प्रतिशत रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 3.68 प्रतिशत था।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। जून तिमाही के अंत में बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात घटकर सकल ऋण के 2.3 प्रतिशत पर आ गया, जो एक साल पहले 2.93 प्रतिशत था।
इसी तरह, आलोच्य तिमाही में बैंक की शुद्ध गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनएनपीए) यानी फंसा कर्ज भी घटकर 0.16 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले 0.21 प्रतिशत था।
बैंक की कुल जमा राशि 30 जून, 2026 तक 10 प्रतिशत बढ़कर 3,25,757 करोड़ रुपये हो गई, जो 30 जून, 2025 को 2,96,782 करोड़ रुपये थी।
शुद्ध कर्ज राशि 30 जून 2026 को 22 प्रतिशत बढ़कर 2,58,968 करोड़ रुपये हो गई जो बीते वित्त वर्ष इसी तिमाही में 2,11,907 करोड़ रुपये थी।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


