आईआईएफसीएल का ईसीबी से 1.8 अरब डॉलर जुटाने का कार्यक्रम शुरू, 20 करोड़ डॉलर जुटाए
आईआईएफसीएल का ईसीबी से 1.8 अरब डॉलर जुटाने का कार्यक्रम शुरू, 20 करोड़ डॉलर जुटाए
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडिया इन्फ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस कंपनी लिमिटेड (आईआईएफसीएल) ने अंतरराष्ट्रीय बाजारों से 20 करोड़ डॉलर जुटाकर 1.8 अरब डॉलर के बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) कार्यक्रम की शुरुआत की है।
कंपनी ने रविवार को बयान में कहा कि सरकार की ओर से ईसीबी के जरिये करीब 1.8 अरब डॉलर जुटाने की मंजूरी मिलने के बाद शुरू किए गए व्यापक अंतरराष्ट्रीय कोष जुटाने के कार्यक्रम में यह पहली बड़ी उपलब्धि है।
आईआईएफसीएल ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों में प्रतिस्पर्धी दरों पर धन जुटाने, जोखिम का सावधानीपूर्वक प्रबंधन करने और दीर्घकालिक संसाधन जुटाने के अवसर तलाश रही है, ताकि भारत की बुनियादी ढांचा क्षेत्र की वित्तपोषण जरूरतों को पूरा किया जा सके।
कंपनी ने कहा कि कार्यक्रम के तहत वह बहुपक्षीय निवेश गारंटी एजेंसी (एमआईजीए) की गारंटी सुविधा के तहत कई चरण में 15 साल तक की अवधि वाले दीर्घकालिक ईसीबी के जरिये करीब एक अरब डॉलर जुटाने की योजना बना रही है।
विश्व बैंक समूह की इकाई एमआईजीए विकासशील देशों में विदेशी निवेश के प्रवाह को बढ़ावा देने के लिए गैर-वाणिज्यिक जोखिमों के खिलाफ गारंटी उपलब्ध कराती है।
आईआईएफसीएल ने कहा कि प्रस्तावित दीर्घकालिक वित्तपोषण का इस्तेमाल लंबे समय में पूरा होने वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में किया जाएगा। इससे इस क्षेत्र को दीर्घकालिक वित्त उपलब्ध कराने की कंपनी की क्षमता भी मजबूत होगी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


