आईआईएफएल होम फाइनेंस ने एडीबी से 30 करोड़ डॉलर का कर्ज हासिल किया
आईआईएफएल होम फाइनेंस ने एडीबी से 30 करोड़ डॉलर का कर्ज हासिल किया
नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) आईआईएफएल होम फाइनेंस ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के साथ 30 करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 2,700 करोड़ रुपये) के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह ऋण आईआईएफएल होम फाइनेंस का पहला बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) है।
आईआईएफएल होम फाइनेंस इस ऋण राशि को आगे उधार देगी, ताकि छोटे शहरों तथा भारत के पिछड़े राज्यों में निम्न-आय समुदायों की महिलाओं को गृह ऋण उपलब्ध कराया जा सके।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी गिरीश कौसगी ने कहा कि एडीबी का वित्तपोषण किफायती आवास को लगभग सभी बाजारों तक पहुंचाने में मदद करेगा और निम्न-आय एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विशेषकर महिलाओं के गृहस्वामित्व के सपनों को समर्थन देगा।
भारत में एडीबी के क्षेत्रीय निदेशक मियो ओका ने कहा, ‘‘ भारत में किफायती आवास की कमी आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न-आय वर्ग के परिवारों में सबसे अधिक है। विशेषकर महिलाओं में जिनके नाम केवल 13 प्रतिशत ही घर हैं। इस अंतर को दूर करने के लिए सतत एवं मजबूत जलवायु अनुकूल निर्माण गतिविधियों को अपनाना आवश्यक है।’’
बयान में कहा गया कि भारत में वर्ष 2030 तक अनुमानित 3.1 करोड़ आवास इकाइयों की गंभीर कमी होगी जिससे मुख्य रूप से निम्न-आय वर्ग प्रभावित होगा। इस वर्ग को आवास ऋण प्राप्त करने में आय प्रमाणित करने के दस्तावेजों की कमी सहित कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


