इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट: बुधवार, बृहस्पतिवार को प्रतिनिधियों के लिए सीमित प्रवेश

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट: बुधवार, बृहस्पतिवार को प्रतिनिधियों के लिए सीमित प्रवेश

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट: बुधवार, बृहस्पतिवार को प्रतिनिधियों के लिए सीमित प्रवेश
Modified Date: February 18, 2026 / 11:10 am IST
Published Date: February 18, 2026 11:10 am IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ 2026 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति तथा वीआईपी आवाजाही के कारण बुधवार और बृहस्पतिवार को प्रतिनिधियों को सीमित प्रवेश मिलेगा। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि भारत मंडपम में सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को शाम साढ़े चार बजे तक सम्मेलन क्षेत्र खाली करना होगा क्योंकि प्रधानमंत्री शाम छह बजे के बाद राजकीय अतिथियों एवं व्यापारिक दिग्गजों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।

डिजिटल इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अखिल कुमार ने पत्रकारों को बताया कि प्रतिनिधियों के भारी उत्साह को देखते हुए, ‘एआई एक्सपो’ क्षेत्र 18 फरवरी से रात आठ बजे तक खुला रहेगा।

कुमार ने कहा, ‘‘ प्रतिनिधि, सम्मेलन क्षेत्र खाली करने के बाद प्रदर्शनी क्षेत्र में जा सकते हैं। पूरे दिन निकास केवल गेट नंबर चार से ही होगा।’’

प्रतिनिधियों को सुबह आठ बजे से गेट नंबर चार से प्रवेश करने की अनुमति होगी, बशर्ते वे कार या टैक्सी से आएं। मेट्रो से आने वाले प्रतिनिधियों के लिए गेट नंबर 10 सुबह आठ बजे से शाम साढ़े चार बजे तक खुला रहेगा।

आधिकारिक सूचना में कहा गया, ‘‘ आईटीपीओ क्षेत्र में और उसके आसपास शाम चार बजे से रात 11 बजे के बीच यातायात बाधित हो सकता है।’’

प्रधानमंत्री 19 फरवरी को मुख्य शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और उद्घाटन सत्र के दौरान सुबह के समय सीमित प्रवेश रहेगा।

कुमार ने कहा, ‘‘ 19 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से हॉल नंबर-1 में स्थित मीडिया सेंटर सहित प्रदर्शनी क्षेत्र सभी प्रतिनिधियों के लिए खुल जाएगा।’’

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में