नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) भारत और 11 सदस्यीय आसियान समूह ने दोनों पक्षों के बीच वस्तुओं से जुड़े मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की समीक्षा के लिए जारी वार्ता की प्रगति का आकलन किया है। वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भारत-आसियान ने वस्तुओं से जुड़े मुक्त व्यापार समझौते पर 2009 में हस्ताक्षर किए गए थे। भारत के वैश्विक व्यापार में लगभग 11 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ आसियान उसका एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है।
वार्ता की प्रगति की समीक्षा यहां आयोजित 13वीं आसियान-भारत वस्तु व्यापार समझौता (एआईटीआईजीए) संयुक्त समिति (जेसी) और उससे संबंधित बैठकों के दौरान मंगलवार को की गई।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘ संयुक्त समिति ने उप-समितियों को उनके-अपने कार्यक्षेत्रों में रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया और उनसे एआईटीआईजीए की समीक्षा के तहत लंबित अध्यायों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।’’
भारत और आसियान के बीच द्विपक्षीय व्यापार 2025-26 में 128 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया।
भाषा निहारिका
निहारिका