भारत, ओपेक तेल बाजार की स्थिरता, ऊर्जा निवेश में सहयोग बढ़ाने पर सहमत

भारत, ओपेक तेल बाजार की स्थिरता, ऊर्जा निवेश में सहयोग बढ़ाने पर सहमत

भारत, ओपेक तेल बाजार की स्थिरता, ऊर्जा निवेश में सहयोग बढ़ाने पर सहमत
Modified Date: September 22, 2026 / 06:35 pm IST
Published Date: September 22, 2026 6:35 pm IST

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) भारत और पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) ने मंगलवार को तेल बाजार की स्थिरता और ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के लिए सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

दिल्ली में आयोजित सातवीं भारत-ओपेक ऊर्जा वार्ता की सह-अध्यक्षता पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और ओपेक के महासचिव हैथम अल घैस ने की।

आधिकारिक बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने तेल बाजार के अल्पकालिक, मध्यम और दीर्घकालिक परिदृश्य की समीक्षा की और वैश्विक ऊर्जा मांग में भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया।

दोनों पक्षों ने अगले साल वियना में आठवीं उच्चस्तरीय ऊर्जा वार्ता करने का फैसला भी किया।

भारत-ओपेक ऊर्जा संवाद की शुरुआत 2015 में नयी दिल्ली में हुई थी और तब से यह हर साल मंत्री स्तर पर इसका आयोजन किया जाता है। यह ओपेक और दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल उपभोक्ता एवं आयातक देश भारत के बीच समन्वय का मंच है। भारत अपनी तेल जरूरतों का 88 प्रतिशत से अधिक आयात करता है।

मंगलवार की बातचीत ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक अनिश्चितता और तेल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दोनों पक्षों ने भविष्य की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा क्षेत्र में समय पर निवेश की जरूरत पर जोर दिया।

पुरी ने इस दौरान कहा कि दुनिया की प्रमुख तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत आने वाले दशकों में वैश्विक ऊर्जा मांग का महत्वपूर्ण चालक बना रहेगा। उन्होंने कहा, ‘‘उत्पादकों और उपभोक्ताओं के बीच निरंतर संवाद निवेश को बढ़ावा देने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है।’’

बयान के मुताबिक, ओपेक महासचिव अल घैस ने कहा कि भारत के साथ संवाद संगठन की प्राथमिकता है क्योंकि मौजूदा वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में भारत का महत्व लगातार बढ़ रहा है।

दोनों पक्षों के बीच आठवीं बैठक अगले साल वियना में होगी, जो ओपेक का मुख्यालय है। हालांकि, बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में