भारत अगले साल नवंबर में करेगा विश्व डेयरी सम्मेलन की मेजबानी
भारत अगले साल नवंबर में करेगा विश्व डेयरी सम्मेलन की मेजबानी
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) भारत अगले साल नवंबर में अंतरराष्ट्रीय डेयरी महासंघ (आईडीएफ) के विश्व डेयरी शिखर सम्मेलन (डब्ल्यूडीएस) की मेजबानी करेगा। मुंबई में होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया भर के 1,500 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा कि सम्मेलन का आयोजन भारतीय राष्ट्रीय समिति-आईडीएफ की तरफ से जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर (जेडब्ल्यूसीसी), मुंबई में किया जाएगा।
एनडीडीबी के अध्यक्ष मीनैश शाह और आईडीएफ के महानिदेशक लॉरेंस राइकेन ने भारत में वर्ष 2027 का शिखर सम्मेलन आयोजित करने संबंधी समझौते का आदान-प्रदान किया। यह आदान-प्रदान केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान की उपस्थिति में भारतीय डेयरी संघ के 52वें डेयरी उद्योग सम्मेलन के दौरान हुआ।
बयान के मुताबिक, इस वैश्विक सम्मेलन में 1,500 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें नीति-निर्माता, डेयरी किसान, सहकारी संस्थाएं, प्रसंस्करण इकाइयां, शोधकर्ता, वित्तीय संस्थान, स्टार्टअप और प्रौद्योगिकी प्रदाता शामिल होंगे।
भारत ने इससे पहले वर्ष 2022 में दिल्ली-एनसीआर में इस वैश्विक सम्मेलन की मेजबानी की थी।
आईडीएफ वर्ष 1903 में स्थापित एक अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठन है, जो लगभग 40 सदस्य देशों के साथ वैश्विक डेयरी समुदाय को एक मंच पर लाता है।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


