भारत-ब्रिटेन एफटीए से निर्यातकों, एमएसएमई और पेशेवरों को 15 जुलाई से मिलेगा लाभ : गोयल

भारत-ब्रिटेन एफटीए से निर्यातकों, एमएसएमई और पेशेवरों को 15 जुलाई से मिलेगा लाभ : गोयल

भारत-ब्रिटेन एफटीए से निर्यातकों, एमएसएमई और पेशेवरों को 15 जुलाई से मिलेगा लाभ : गोयल
Modified Date: July 12, 2026 / 07:18 pm IST
Published Date: July 12, 2026 7:18 pm IST

मुंबई, 12 जुलाई (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने के बाद 15 जुलाई से भारत से ब्रिटेन को भेजे जाने वाले सभी निर्यात पर कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा, जिससे किसानों, मछुआरों, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और घरेलू उद्योगों को लाभ मिलेगा।

गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह व्यापार समझौता केवल वस्तुओं और सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ब्रिटेन में काम कर रहे हजारों भारतीय पेशेवरों को भी लाभ पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा, ‘भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते के तहत 15 जुलाई से भारत से ब्रिटेन निर्यात की जाने वाली हर वस्तु पर शून्य आयात शुल्क लगेगा।’’

मंत्री ने बताया कि समझौते में ‘डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन’ (डीसीसी) का प्रावधान भी शामिल है। इसके तहत ब्रिटेन में पांच साल तक काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को वहां की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था में योगदान नहीं देना होगा।

उन्होंने कहा कि पहले भारतीय पेशेवरों के वेतन का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा ब्रिटेन सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना में चला जाता था। अब यह राशि भारत में उनके भविष्य निधि (पीएफ) खातों में जमा होगी, जिस पर 8.25 प्रतिशत सालाना ब्याज मिलेगा। यह राशि कर मुक्त होगी और सेवानिवृत्ति के लिए उनकी बचत को सुरक्षित करने में मदद करेगी।

गोयल ने कहा कि इस समझौते से भारतीय पेशेवरों के लिए नए मौके उभरेंगे और दोनों देशों के बीच व्यापारिक व आर्थिक संबंध मजबूत होंगे। उन्होंने इस समझौते का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया।

उन्होंने कहा कि वह 14 और 15 जुलाई को ब्रसेल्स में होने वाली भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान लंबित मुद्दों के समाधान और प्रौद्योगिकी सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी।

भाषा योगेश यासिर

योगेश


लेखक के बारे में