नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि भारत-अमेरिका अंतरिम समझौता ढांचा भारतीय एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं से जुड़ने में मदद करेगा और इससे व्यवसायों तथा उपभोक्ताओं के लिए लागत कम होगी।
इस ढांचे के तहत दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।
अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क को मौजूदा 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा, वहीं भारत सभी अमेरिकी औद्योगिक वस्तुओं और अमेरिकी खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर आयात शुल्क समाप्त या कम करेगा।
सीतारमण के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भारत ने अपने कृषि और पशुपालन क्षेत्रों की संवेदनशीलता को सुरक्षित रखा है। यह ढांचा प्रमुख कृषि और डेयरी उत्पादों, मसालों और मुख्य खाद्य पदार्थों की रक्षा करता है, जिससे किसानों की आय मजबूत होगी।”
इसमें कहा गया है कि यह ढांचा डिजिटल सेवा क्षेत्र में भारत के नेतृत्व को मजबूत करेगा। साथ ही संयुक्त प्रौद्योगिकी सहयोग भारत को एआई, डेटा और डिजिटल सेवाओं के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय