पुणे, 16 अप्रैल (भाषा) पुणे में एक सरकारी छात्रावास में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान शीर्ष नक्सली कमांडर माडवी हिडमा की कथित तौर पर महिमामंडन करने वाले गाने पर नाचने के आरोप में दो विद्यार्थियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, ‘बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन’ में स्नातक कर रहे दोनों छात्रों पर शत्रुता को बढ़ावा देने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि शहर के विश्रांतवाड़ी स्थित महाराष्ट्र सरकार द्वारा संचालित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर सरकारी छात्र छात्रावास के छात्रों ने 11 अप्रैल को एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया था।
आरोप है कि इसी कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिडमा का महिमामंडन करने वाले गीत पर नृत्य किया।
पिछले दो दशकों में कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा हिडमा (51) नवंबर 2025 में आंध्र प्रदेश में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
भाषा
प्रचेता खारी
खारी
खारी