निवेश गंतव्य के रूप में भारत का आकर्षण इस साल और बढ़ेगा: आरबीआई डिप्टी गवर्नर गुप्ता
निवेश गंतव्य के रूप में भारत का आकर्षण इस साल और बढ़ेगा: आरबीआई डिप्टी गवर्नर गुप्ता
मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की डिप्टी गवर्नर पूनम गुप्ता ने बुधवार को कहा कि मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियादी ढांचे और आकर्षक मूल्यांकन जैसे विभिन्न कारकों के कारण निवेश गंतव्य के रूप में भारत का तुलनात्मक आकर्षण इस साल बेहतर होने की संभावना है।
उन्होंने यह भी कहा कि रिजर्व बैंक को पश्चिम एशिया संकट के कारण देश में आने वाले धन-प्रेषण प्रवाह में किसी भी कमी की आशंका नहीं है।
पश्चिम एशिया में युद्धविराम के बाद निवेशकों के रुझान में सुधार के बीच आरबीआई अधिकारी ने भरोसा जताया कि देश की मजबूत अर्थव्यवस्था विदेशी निवेश को और अधिक आकर्षित करेगी।
नीतिगत समीक्षा के बाद आयोजित सम्मेलन के दौरान गुप्ता ने कहा, ”निवेश गंतव्य के रूप में भारत का तुलनात्मक आकर्षण इस साल बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि इसका मूल्यांकन अधिक आकर्षक हो गया है। विनिमय दर निवेश को अधिक लाभकारी बना रही है। साथ ही उच्च जीडीपी वृद्धि दर से कंपनियों की कमाई बढ़ेगी।”
गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि भारत का आर्थिक बुनियादी ढांचा मजबूत है और जल्द ही निवेश का प्रवाह वापस लौटेगा। उन्होंने कहा, ”चाहे वह विदेशी पोर्टफोलियो निवेश हो या प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, दोनों को भारत आना चाहिए और इस वृद्धि गाथा का हिस्सा बनना चाहिए। जो लोग धैर्यवान हैं और लंबी अवधि के लिए पैसा कमाना चाहते हैं, वे निश्चित रूप से भारत आएंगे।”
भाषा पाण्डेय प्रेम
प्रेम

Facebook


