भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से वाहन कलपुर्जों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी: एक्मा
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से वाहन कलपुर्जों की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ेगी: एक्मा
नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) वाहन कलपुर्जा उद्योग के निकाय एक्मा ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को एक सकारात्मक कदम बताते हुए कहा कि यह समझौता अमेरिकी बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा।
भारतीय वाहन कलपुर्जा विनिर्माता संघ (एक्मा) ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की सराहना की। निकाय ने कहा कि यह समझौता दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच बढ़ती रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को दर्शाता है।
एक्मा के अध्यक्ष विक्रमपति सिंघानिया ने बयान में कहा, ‘‘जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने का प्रस्ताव एक सकारात्मक कदम है, जो अमेरिकी बाजार में भारतीय वाहन कलपुर्जों की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा।’’
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे समय में जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाएं संरचनात्मक बदलावों से गुजर रही हैं, यह घटनाक्रम दीर्घकालिक व्यापार और निवेश निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण है।
सिंघानिया ने कहा कि अमेरिका भारत के वाहन कलपुर्जा उद्योग के लिए सबसे महत्वपूर्ण निर्यात गंतव्यों में से एक है। उन्होंने कहा, ‘‘एक अधिक संतुलित और सुविधाजनक व्यापार ढांचा द्विपक्षीय व्यापार में और वृद्धि कर सकता है तथा औद्योगिक सहयोग को मजबूत कर सकता है।’’
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


