उद्योग जगत ने किया बजट का स्वागत
उद्योग जगत ने किया बजट का स्वागत
लखनऊ, एक फरवरी (भाषा) इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने रविवार को केंद्रीय बजट को ‘विकासोन्मुख बजट’ बताया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
आईआईए के महासचिव दीपक बजाज ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘यह एक विकासोन्मुख बजट है। यह प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत बनाने के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। सरकार ने बजट में किसानों, एमएसएमई, मध्यम आय वर्ग, हरित ऊर्जा पर ध्यान दिया है।’
बजाज ने यह भी कहा कि सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों का एक शीर्ष प्रतिनिधि निकाय है, जिसके सदस्यों में लगभग 13,500 एमएसएमई शामिल हैं।
लखनऊ के एचआईआईएमएस हॉस्पिटल (निजी आयुर्वेद हॉस्पिटल) के संस्थापक आचार्य मनीष ने कहा कि आयुर्वेद पर नए सिरे से ध्यान दिया जाना एक निर्णायक कदम है।
आचार्य मनीष ने कहा, ‘पारंपरिक चिकित्सा के लिए शोध, मानकीकरण और मूलभूत ढांचे को मजबूत करने से आयुर्वेद की वैश्विक स्तर पर विश्वसनीयता बढ़ेगी। साथ ही नवाचार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। यह बजट भारत को स्थिर, मरीज केंद्रित स्वास्थ्य समाधान में दुनिया का नेतृत्व करने की स्थिति में लाता है।’
बजट में वित्त मंत्री ने तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना का प्रस्ताव दिया है।
लखनऊ के कारोबारी, जश्न रियल्टी के प्रबंध निदेशक राहुल अग्रवाल ने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए बुनियादी ढांचा और कर सुधार एक सकारात्मक कदम है।
अग्रवाल ने कहा, ‘हमारा मानना है कि यह बजट दीर्घकालिक सम्भावनाओं को मजबूत करेगा और देश को सभी के लिए आवास के लक्ष्य के करीब ले जाएगा।’
भाषा सं. सलीम नोमान अजय
अजय

Facebook


