मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) शेयर बाजार में शुक्रवार को आई भारी गिरावट के कारण निवेशकों की संपत्ति एक ही दिन में 7.02 लाख करोड़ रुपये घट गयी।
यह गिरावट विशेष रूप से धातु, सूचना प्रौद्योगिकी और जिंस शेयरों में व्यापक बिकवाली के कारण हुई। मुख्य रूप से वैश्विक बाजारों में सुस्ती के कारण बाजार में गिरावट आई।
कारोबारियों ने कहा कि उम्मीद के मुकाबले कमजोर आय परिणामों के साथ-साथ कृत्रिम मेधा (एआई) के नेतृत्व में होने वाले व्यवधानों को लेकर चिंताओं के बीच प्रौद्योगिकी कंपनियों शेयरों पर उभरता दबाव भी बाजार धारणा को कमजोर कर रहा है।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,048.16 अंक यानी 1.25 प्रतिशत गिरकर 82,626.76 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,140.37 अंक (1.36 प्रतिशत) टूटकर दिन के निचले स्तर 82,534.55 तक चला गया था।
बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 7,02,017.71 करोड़ रुपये घटकर 4,65,46,643.20 करोड़ रुपये (लगभग 5.13 हजार अरब अमेरिकी डॉलर) रह गया।
पिछले दो कारोबारी सत्रों में शेयर निवेशकों की संपत्ति में कुल 9,52,648.51 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 7,395.41 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,553.96 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
भाषा योगेश रमण
रमण