ईरान युद्ध: आईईए ने तेल संकट टालने के लिए 40 करोड़ बैरल का भंडार जारी करने का लिया फैसला

ईरान युद्ध: आईईए ने तेल संकट टालने के लिए 40 करोड़ बैरल का भंडार जारी करने का लिया फैसला

ईरान युद्ध: आईईए ने तेल संकट टालने के लिए 40 करोड़ बैरल का भंडार जारी करने का लिया फैसला
Modified Date: March 11, 2026 / 10:11 pm IST
Published Date: March 11, 2026 10:11 pm IST

पेरिस, 11 मार्च (एपी) अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा बाजारों पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव को कम करने के लिए बुधवार को अपने इतिहास का सबसे बड़ा आपातकालीन तेल भंडार जारी करने पर सहमति व्यक्त की है। पेरिस स्थित इस संगठन ने घोषणा की है कि वह अपने सदस्य देशों के सुरक्षित भंडार से 40 करोड़ बैरल तेल बाजार में उपलब्ध कराएगा।

यह मात्रा 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान जारी किए गए 18.27 करोड़ बैरल के पिछले रिकॉर्ड से दोगुनी से भी अधिक है।

आईईए के कार्यकारी निदेशक फातिह बिरोल ने कहा कि ईरान द्वारा ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को बाधित करने और रिफाइनरियों पर हमलों के कारण जेट ईंधन और डीजल की आपूर्ति पर बड़ा संकट पैदा हो गया है।

जी7 देशों के नेताओं ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऊर्जा संकट की समीक्षा की। इस वार्ता में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित समूह के अन्य सदस्य देशों के नेताओं ने वैश्विक तेल आपूर्ति को स्थिर करने पर विचार-विमर्श किया।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आईईए के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि अकेले जी7 देश इस कुल भंडार का 70 प्रतिशत हिस्सा दे रहे हैं, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाले 20 दिन के निर्यात के बराबर है।

जर्मनी और ऑस्ट्रिया ने न केवल तेल जारी करने का फैसला किया है, बल्कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कड़े कदम भी उठाए हैं।

जर्मनी की अर्थव्यवस्था मामलों की मंत्री कैथरीना रीश ने कहा कि देश आईईए के अनुरोध पर 26.4 लाख टन तेल जारी करेगा।

ऑस्ट्रिया के अर्थव्यवस्था मामलों के मंत्री वोल्फगैंग हाटमैन्सडॉर्फर ने भी स्पष्ट किया कि सोमवार से वहां पेट्रोल पंपों पर कीमतें सप्ताह में केवल तीन बार ही बदली जा सकेंगी।

जर्मनी और ऑस्ट्रिया ने कहा है कि वे अपने तेल भंडार का एक हिस्सा जारी कर रहे हैं। यह निर्णय आईईए के उस अनुरोध के बाद लिया गया है, जिसमें सदस्य देशों से ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा की कीमतों में आए उछाल को कम करने के लिए तेल भंडार खोलने को कहा गया था।

जापान ने भी पुष्टि की है कि वह सोमवार से अपने भंडार से तेल जारी करना शुरू कर देगा।

आईईए के अनुसार, वर्तमान में कच्चे तेल और रिफाइंड उत्पादों का निर्यात युद्ध-पूर्व स्तर के 10 प्रतिशत से भी कम रह गया है। यह 1974 में एजेंसी की स्थापना के बाद से तेल भंडार जारी करने का छठा बड़ा अवसर है।

एपी

सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में